एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक की गोली मारकर हत्या 

cotlasweb
30 Views
2 Min Read

नवबिहार टाइम्स संवाददाता 

हजारीबाग। अज्ञात अपराधियों ने हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत फतह में एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक गौरव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। वे बिहार के नालंदा जिला के रहने वाले थे और वे उप महाप्रबंधक (डिस्पैच) के पद पर एनटीपीसी केरेडारी कोयला खनन परियोजना में अपनी सेवा दे रहे थे। घटना के बाद उन्हें घायल अवस्था में हजारीबाग लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद एनटीपीसी के सभी वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था पर निशान खड़ा कर दिया गया है। घटना के बाद हजारीबाग एसपी घटना स्थल की ओर रवाना हो गये हैं, वहीं अस्पताल में जिले के पदाधिकारी मौजूद हैं। मामले को लेकर जांच तेज कर दी गई है। घटना के वक्त गाड़ी में तीन लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह उप महाप्रबंधक हजारीबाग से अपने दफ्तर जा रहे थे तभी अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। पीठ में गोली लगने के बाद वह वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिस स्थान पर गोलीबारी हुई है वह हजारीबाग और बड़कागांव के बीच का इलाका है। इस इलाके में करीब दो साल पहले भी एक निजी कंपनी के महाप्रबंधक को अपराधियों ने गोली मार दी थी।

हजारीबाग के एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Share This Article